श्रावणी मेला 2026: देवघर जिला सीमा में डबल डेकर वाहनों के प्रवेश पर रोक, सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त

DTO ने कांवरियों को वाहनों के उपर से उतारकर सुरक्षित बैठाकर सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर देवघर जिला सीमा के भीतर डबल डेकर (दो मंजिला) मालवाहक एवं अन्य वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह निर्णय संभावित सड़क हादसों को रोकने और लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

इसी क्रम में शनिवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक डबल डेकर वाहन में असुरक्षित तरीके से यात्रा कर रहे कांवरियों को वाहन की ऊपरी सतह से नीचे उतारकर सुरक्षित रूप से वाहन के अंदर बैठाया गया। इसके बाद परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कांवरियों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

जिला प्रशासन ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान वाहनों की सुगम पार्किंग और भीड़ नियंत्रण के लिए इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के अलावा पांच अतिरिक्त अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इनमें कोठिया, परित्राण, सरसा, भलुवा और हथगढ़ पार्किंग स्थल शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और वाहनों के सुव्यवस्थित पड़ाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक रूट, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि सभी के सहयोग से ही राजकीय श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button