पीएम श्री विद्यालय महेशमारा के विद्यार्थियों का ओडिशा में सात दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण संपन्न

देवघर। पीएम श्री अपग्रेड उत्क्रमित उच्च विद्यालय महेशमारा, देवघर के छात्र-छात्राओं का सात दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित एजुकेशनल एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम में विद्यालय के 22 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस शैक्षणिक यात्रा में विद्यालय की ओर से वाणिज्य शिक्षक राजेश मंडल और अंग्रेजी भाषा शिक्षिका रूपा केसरी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
ऐतिहासिक और वैज्ञानिक स्थलों की मिली जानकारी
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को ओडिशा के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक स्थलों को देखने एवं उनके बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।

विद्यार्थियों ने भुवनेश्वर स्थित रीजनल साइंस सेंटर, नॉलेज ऑन स्पेयर, ओडिशा स्टेट ट्राइबल म्यूजियम, कटक स्थित मैरिटाइम म्यूजियम, उदयगिरि-खंडगिरि गुफाएं, लिंगराज मंदिर, कोणार्क सूर्य मंदिर और चंद्रभागा मरीन बीच का भ्रमण किया।
गतिविधियों से बढ़ा आत्मविश्वास
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को स्थानीय इतिहास, संस्कृति, विज्ञान और धरोहरों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इसके अलावा क्विज प्रतियोगिता, खेलकूद और अन्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के ज्ञान एवं आत्मविश्वास को बढ़ाने का प्रयास किया गया।

प्रधानाध्यापक ने की पहल की सराहना
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर ठाकुर ने इस कार्यक्रम पर खुशी जाहिर करते हुए सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट की सराहना की।
उन्होंने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण बच्चों में नई चीजों को जानने की उत्सुकता बढ़ाते हैं और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि को मजबूत करते हैं।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में विद्यालय स्तर पर भी अन्य शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। उन्होंने विद्यार्थियों के सफल भ्रमण के लिए शिक्षक राजेश मंडल और शिक्षिका रूपा केसरी के प्रयासों की सराहना की तथा बच्चों और अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।



