रजौली में स्कूल संचालक पर हमले के मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

रजौली(नवादा): रजौली थाना क्षेत्र के एनएच-20 स्थित टोल प्लाजा के समीप अदलबिगहा मोड़ पर बीते 16 मई की रात करीब 8:30 बजे चाय पी रहे गोकुल स्कूल संचालक और उसके दोस्त पर जानलेवा हमला करने वाले दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
16 मई को हुआ था हमला :
घटना के अनुसार 16 मई की रात मुरहेना गांव निवासी उमेश कुमार के पुत्र स्कूल संचालक उत्पल कुमार और भूपतपुर गांव निवासी सुनील प्रसाद के पुत्र प्रिंस कुमार अदलबिगहा मोड़ पर चाय पी रहे थे। तभी कुछ लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उत्पल कुमार के सिर में सात जगहों पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसके सिर में दो दर्जन से अधिक टांके लगे थे। वहीं प्रिंस कुमार के कान के पीछे और शरीर पर चाकू से वार किया गया था। मारपीट के दौरान उपद्रवियों ने उत्पल के गले से सोने की चेन और मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे।इस जानलेवा हमले में पीड़ित उत्पल के पिता उमेश कुमार ने पांच लोगों को नामजद करते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
गुप्त सूचना पर दूसरे की गिरफ्तारी :
थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात गुप्त सूचना मिली कि नामजद आरोपी बेलाडीह गांव निवासी सीताराम यादव का पुत्र सुजय कुमार उर्फ चीकू क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस बल ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
तीन आरोपी अब भी फरार :
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में हिसुआ थाना क्षेत्र के मुड़कटवा गांव निवासी जितेंद्र यादव के पुत्र रविशंकर कुमार, रजौली थाना क्षेत्र के गंगा बिगहा गांव निवासी दिलीप यादव के पुत्र प्रदीप कुमार उर्फ पाकुम एवं माधो रामपुर गांव निवासी विंदा यादव के पुत्र नीतीश कुमार अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पांच नामजद आरोपियों में अब तक दो की गिरफ्तारी हो चुकी है।



