देवघर में सड़क हादसा: कांग्रेस नेता दिनेशानंद झा की स्कॉर्पियो टोटो से टकराई, 4 घायल

देवघर। गुरुवार की सुबह गिरीडीह बायपास रोड के पुंरदाहा काली मंदिर के समीप एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें देवघर बस एसोसिएशन के अध्यक्ष और कांग्रेस नेता दिनेशानंद झा की स्कॉर्पियो टोटो से टकराते हुए दीवार से जा टकराई। हादसे में टोटो में सवार चालक सहित तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए, जबकि चालक का हाथ टूट गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सुभाष चौक की ओर से आ रही स्कॉर्पियो का नियंत्रण अचानक टूट गया और वाहन टोटो से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित दीवार से टकरा गई। टोटो में सवार लोगों को भी चोटें आई हैं, जिनमें से चालक की चोट गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि सभी घायलों की हालत स्थिर है और आवश्यक उपचार चल रहा है। साथ ही मामले की जांच कर रही है।



