वीरपुर में जनकल्याण शिविर का आयोजन, पहले दिन 29 आवेदन प्राप्त, ऑन-द-स्पॉट निष्पादन पर जोर

वीरपुर, संवाददाता। आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से वीरपुर प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को दो दिवसीय प्रखंड सहयोग सह जनकल्याण शिविर का शुभारंभ किया गया।

शिविर में शिक्षा, जीविका, मनरेगा सहित विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए हैं। इन काउंटरों पर संबंधित विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार शक्तिधर ने बताया कि शिविर के पहले दिन विभिन्न योजनाओं एवं समस्याओं से संबंधित कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके निष्पादन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य आम जनता को एक ही स्थान पर सभी सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभुकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।

उन्होंने आगे बताया कि शिविर में लोगों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की गई है, जहां आवेदन भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

शिविर के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि लाभुकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो और सरकारी सेवाएं सीधे लोगों तक आसानी से पहुंच सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button