वीरपुर में ‘पोषण का उत्सव’, सामूहिक गोद भराई आयोजित

वीरपुर (बेगूसराय)। मंगलवार को वीरपुर पश्चिमी पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-94 पर सामूहिक गोद भराई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम “स्वस्थ मां, समर्थ बच्चा और सशक्त समाज” थीम पर आधारित रहा। इस दौरान गर्भवती महिलाओं का पारंपरिक तरीके से चुनरी ओढ़ाकर व तिलक लगाकर सम्मान किया गया।

सोनी कुमारी, रंजना कुमारी, अर्चना कुमारी, रूपम और हमीदा खातून की गोद भराई की रस्म पूरी की गई। आईसीडीएस विभाग की ओर से सभी को पोषण किट, फल व सूखे मेवे दिए गए।सीडीपीओ नितेश कुमार एवं पिरामल फाउंडेशन के विशेषज्ञों ने संतुलित आहार, ‘तिरंगा थाली’ अपनाने, एनीमिया से बचाव तथा आयरन- कैल्शियम के सेवन पर जोर दिया। साथ ही संस्थागत प्रसव और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अंत में उपस्थित महिलाओं, जीविका दीदियों व आंगनबाड़ी कर्मियों ने ‘कुपोषण मुक्त बेगूसराय’ बनाने का संकल्प लिया।



