सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

पकरीबरावां (नवादा): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पकरीबरावां परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम “नेम ट्री प्लांटिंग लाइफ संस्थान” के सौजन्य से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण को हरा-भरा बनाना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि भूषण कुमार ने औषधीय एवं छायादार पौधे लगाकर किया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ पर्यावरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल करे।
इस अवसर पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. किरण कुमारी, हेल्थ मैनेजर मो० एच रहमान, पूनम कुमारी, मोहन कुमार, रेनुका कुमारी सहित अस्पताल के कई डॉक्टर एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों में संजीव कुमार सिंह, गुंजन कुमार, विकास कुमार, पिंटू कुमार और मेवालाल चौहान ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
सभी उपस्थित लोगों ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण को संतुलित और स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।



