महाशिवरात्रि को लेकर जयपुर थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

जयपुर। थाना परिसर में महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में महाशिवरात्रि के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा, शिव बारात एवं मंदिरों में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार ने सभी उपस्थित लोगों से आपसी समन्वय बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि महाशिवरात्रि के मौके पर डीजे के उपयोग पर पूर्णतः पाबंदी रहेगी। किसी भी स्थिति में डीजे नहीं बजाया जाएगा। साथ ही अश्लील या आपत्तिजनक गानों के प्रसारण पर भी सख्त रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा गश्ती दल लगातार क्षेत्र में भ्रमण करेंगे। शोभायात्रा के निर्धारित रूट का पालन करना अनिवार्य होगा और बिना अनुमति के किसी प्रकार का मार्ग परिवर्तन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूजा समितियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रमों की समय-सारणी पूर्व में ही थाना को उपलब्ध कराएं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि आस्था और श्रद्धा का पर्व है, जिसे भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाना चाहिए। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि क्षेत्र में किसी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी।
अंत में थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार ने कहा कि महाशिवरात्रि हम सभी के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर है। इसे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन और समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।



