रानीगंज में जननायक यदुनंदन सिंह की 50वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, शिक्षा और समाजसेवा के योगदान को किया याद

रानीगंज। शिक्षा, सेवा और समाजोत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जननायक स्वर्गीय यदुनंदन सिंह की 50वीं पुण्यतिथि पर यदुनंदन पवित्री डिग्री कॉलेज, रानीगंज में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय यदुनंदन सिंह और उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय पवित्री देवी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक योगदान और आदर्शों को याद किया।
शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में दिया महत्वपूर्ण योगदान
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय यदुनंदन सिंह और स्वर्गीय पवित्री देवी ने अपना पूरा जीवन शिक्षा के प्रसार, समाजसेवा और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार और कार्य आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों से सीख लेने की आवश्यकता है।
ABVP के 78वें स्थापना दिवस पर विधायक देवंती यादव ने दी शुभकामनाएं, कहा- छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति
‘यदुनंदन सिंह : व्यक्तित्व और विचार’ पुस्तक का हुआ उल्लेख
कार्यक्रम में बताया गया कि उनके व्यक्तित्व और विचारों पर आधारित पुस्तक ‘यदुनंदन सिंह : व्यक्तित्व और विचार’ वर्ष 2019 में नमन प्रकाशन, नई दिल्ली से प्रकाशित हुई थी। इस पुस्तक में देश के कई प्रतिष्ठित साहित्यकारों के आलेख शामिल हैं।
इसके अलावा उनके नाम पर स्थापित यदुनंदन-पवित्री समाजोत्थान कल्याण संस्थान भी समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
श्रद्धांजलि सभा में डॉ. अशोक कुमार आलोक (सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य), डॉ. नूतन आलोक (प्रधानाचार्य), प्रो. इंदु कुमारी, प्रो. भूषण कुमार यादव, प्रो. सुरेश प्रसाद यादव, प्रो. प्रमोद कुमार यादव, प्रो. सुभाष चंद्र सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय यदुनंदन सिंह और स्वर्गीय पवित्री देवी के आदर्शों को अपनाने तथा उनके समाजसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।



