मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मंत्री शैलेंद्र ने निकाली साइकिल यात्रा, जनसंपर्क कर गिनाईं उपलब्धियां

भागलपुर, बिहपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र ने बिहपुर मंडल क्षेत्र में साइकिल यात्रा निकालकर जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के प्रभावशाली एवं सम्मानित नागरिकों से मुलाकात कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
साइकिल यात्रा के क्रम में मंत्री शैलेंद्र ने राम-जानकी ठाकुर के महंत महंत नवल किशोर दास, भाजपा मंडल अध्यक्ष ब्रजेश कुमार चौधरी, पूर्व पैक्स अध्यक्ष वैद्यनाथ झा उर्फ बैजू राजा, बिहपुर के वर्तमान पैक्स अध्यक्ष सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष कुणाल कुमार उर्फ भानु झा तथा विकास चंद्र झा सहित कई गणमान्य लोगों से भेंट कर संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मंत्री ने कहा कि जनसंपर्क, संवाद और जनभागीदारी लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। इसी उद्देश्य से भाजपा द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि सीधे लोगों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुन रहे हैं। इस अवसर पर स्थानीय कार्यकर्ता एवं समर्थक भी मौजूद रहे।



