रमज़ान में नगर निगम चुनाव कराने पर आपत्ति, धनबाद से भावी मेयर प्रत्याशी जाएंगे हाईकोर्ट

धनबाद। झारखंड में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव की तिथियों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। धनबाद से भावी मेयर प्रत्याशी मोहम्मद जहीरूद्दीन खान ने रमज़ान के पवित्र महीने में चुनाव कराए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि निर्वाचन आयोग चुनावी तिथियों में बदलाव नहीं करता है तो वह इस मामले को लेकर झारखंड हाई कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दाखिल करेंगे।

मोहम्मद जहीरूद्दीन खान ने कहा कि रमज़ान इबादत, संयम और रोज़े का महीना है। ऐसे में चुनावी गतिविधियाँ मुस्लिम समाज के लिए गंभीर कठिनाइयाँ पैदा करेंगी। इससे न केवल मुस्लिम प्रत्याशी चुनाव लड़ने से वंचित होंगे, बल्कि बड़ी संख्या में मतदाता, विशेषकर महिला वर्ग, मतदान से भी वंचित रह जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव बहुप्रतीक्षित हैं और लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक भी हैं, लेकिन यह तभी सार्थक होंगे जब सभी जाति, धर्म और समाज के लोगों को समान अवसर मिलेगा। किसी एक समुदाय की धार्मिक आस्थाओं की अनदेखी कर चुनाव कराना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

भावी मेयर प्रत्याशी ने निर्वाचन आयोग से अपील की कि रमज़ान के मद्देनज़र चुनाव की तिथियों में परिवर्तन किया जाए, ताकि सभी वर्गों की समान भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो वह न्यायालय की शरण लेंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button