नौला पिकेट खाली, शराब-नशे का राज, ग्रामीणों में दहशत

बेगूसराय। जिले के वीरपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले नौला पुलिस पिकेट इन दिनों गंभीर संकट से जूझ रहा है। पुलिस बल की बुरी तरह कमी के कारण यह पिकेट मात्र प्रभारी संजय कुमार सिंह और एक अकेले चौकीदार के सहारे ही चल रहा है। इस हालत ने न केवल स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था को चरमरा दिया है, बल्कि पूरे इलाके में अपराधियों के हौसले बुलंद कर दिए हैं। ग्रामीणों में डर का माहौल है जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार चुनावी ड्यूटी में जवानों की तैनाती के कारण पिकेट में पदस्थापित पुलिसकर्मी बाहर हैं। ऐसे में गश्ती, छापेमारी और अपराध नियंत्रण की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। कई बार पिकेट पूरी तरह खाली रहने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
पिकेट में महिला पुलिस बल का अभाव भी बड़ी समस्या बना हुआ है, जिससे महिला आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में दिक्कतें आती हैं। वहीं जर्जर पुलिस वाहन के कारण भी पुलिस की सक्रियता पर असर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की कमजोर उपस्थिति का फायदा उठाकर क्षेत्र में अवैध शराब व नशे का कारोबार बढ़ गया है। सुबह-शाम खुलेआम शराब की महफिल सज रही है।ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से पिकेट में पर्याप्त पुलिस बल, महिला कांस्टेबल की तैनाती व नया वाहन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत हो सके। इस संबंध में पिकेट प्रभारी संजय कुमार सिंह से पूछने पर बताया कि पुलिस बल की मांग की गई है।नियमित गश्ती हो रही है हालांकि पुलिस बल की कमी से छापेमारी पर असर पड़ रहा है।



