वीरपुर में क्वालिटी एजुकेशन पर चर्चा, प्रधानाध्यापकों की बैठक

वीरपुर/बेगूसराय। वीरपुर प्रखंड क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने को लेकर सोमवार को बीपीएस हाई स्कूल वीरपुर में क्वालिटी एजुकेशन एवं इंप्रूवमेंट कार्यक्रम के तहत प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड के विभिन्न प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक एवं प्लस टू विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व शिक्षक शामिल हुए।नोडल प्रभारी कुंदन कुमार ने कहा कि विद्यालयों में छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना, अनुशासन बनाए रखना तथा शिक्षण पद्धति में नवाचार लाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों से विद्यालय स्तर पर ठोस कार्ययोजना बनाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का आह्वान किया।बैठक में नामांकन के अनुरूप उपस्थिति बढ़ाने, कमजोर छात्रों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित करने, स्मार्ट क्लास व टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) के प्रभावी उपयोग तथा मासिक मूल्यांकन प्रणाली को सुदृढ़ करने पर चर्चा हुई। साथ ही विद्यालयों में ई-पत्रिका प्रकाशन, सौंदर्यीकरण एवं हाई स्कूल स्तर पर बच्चों के ठहराव बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक मे एचएम नीरज कुमार, मनोज कुमार झा, रंजन कुमार झा, सेवानिवृत प्रधानाध्यापक संत कुमार सहनी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व शिक्षक मौजूद थे।



