पर्रा शिव मंदिर में गरीब कन्या का विवाह, समाजसेवी विपिन सिंह की पहल की सराहना

बेगूसराय/वीरपुर। प्रखंड के पर्रा स्थित शिव मंदिर परिसर में सामाजिक सहयोग और सादगीपूर्ण वातावरण के बीच एक गरीब कन्या का विवाह गुरुवार की देर रात संपन्न कराया गया। इस आयोजन का संयोजन समाजसेवी सह संवेदक विपिन सिंह की देखरेख में किया गया। जानकारी के अनुसार, पर्रा गांव निवासी सुशील शर्मा एवं सुशीला कुमारी की पुत्री छोटी कुमारी का विवाह तेघड़ा निवासी रामप्रसाद शर्मा के पुत्र विक्रम कुमार शर्मा के साथ वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न हुआ।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की इस बेटी के विवाह में गांव के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। विवाह समारोह में समाजसेवी अरविंद कुमार सिंह, वार्ड पंच अजित सिंह उर्फ हाकीम, निशांत झा, जितेन्द्र कुमार सिंह, देव नारायण शर्मा, सिंटू कुमार सिंह, ठाकुरबाड़ी महंथ अर्जुन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा मीरा देवी, शांति देवी, फूला देवी तथा ग्राम रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष धीरज कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण व वर-वधू पक्ष के लोग मौजूद थे।
मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार का सामूहिक सहयोग समाज में सकारात्मक संदेश देता है और जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रेरणादायी पहल है। स्थानीय ग्रामीणों ने समाजसेवी विपिन सिंह एवं सहयोगियों की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और सहयोग की मिसाल बताया।



