नवादा फोरलेन पर अनियंत्रित हाईवा घर में घुसा, बड़ा हादसा टला

नवादा: नवादा जिले के अंबिका बिगहा के पास फोरलेन सड़क पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। घर में मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवा तेज गति से गुजर रहा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद हाईवा सीधे घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को वाहन से बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए फोरलेन पर यातायात भी बाधित रहा।



