डीआईजी कार्यालय में जनता दरबार आयोजित, आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

बेगूसराय। बेगूसराय-खगड़िया रेंज, संवाददाता। आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को डीआईजी कार्यालय में विशेष ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) ने अपने कार्यालय कक्ष में स्वयं लोगों की फरियादें सुनीं और संबंधित पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।
दोपहर 3:00 बजे शुरू हुए इस जनता दरबार में कुल 8 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। अधिकांश मामले पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज न किए जाने तथा भूमि विवाद से संबंधित थे। डीआईजी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थानाध्यक्षों एवं दारोगाओं को निर्देश दिया कि सभी मामलों का शीघ्र एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में शांति-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से जनता दरबार की शुरुआत की गई है, ताकि लोग सीधे कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं रख सकें और उनका त्वरित समाधान हो सके।
डीआईजी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनता की शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।
जनता दरबार के माध्यम से फरियादियों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में यह पहल पुलिस प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



