इनरव्हील क्लब देवघर ने “हैप्पी स्कूल” परियोजना का किया उद्घाटन, दो विद्यालयों को मिला नया स्वरूप

देवघर। इनरव्हील क्लब ऑफ देवघर द्वारा सत्र 2026-27 के अंतर्गत क्लब का एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट “हैप्पी स्कूल” का उद्घाटन डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन रश्मि गुप्ता एवं क्लब अध्यक्ष ज्ञानी मिश्रा के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस सत्र में क्लब द्वारा दो विद्यालयों को “हैप्पी स्कूल” के रूप में विकसित किया गया है।

प्रथम परियोजना के अंतर्गत सेंट मेरी स्कूल में गार्डन एरिया एवं कंप्यूटर लैब का निर्माण तथा एवं सौंदर्यीकरण किया गया, जिसका उद्घाटन फीता काटकर मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा उनका तिलक एवं पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।

दूसरी परियोजना के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय हिरणा को “हैप्पी स्कूल” के रूप में विकसित किया गया, जहाँ बच्चों के लिए इनरव्हील पार्क का निर्माण कराया गया। पार्क में झूला, स्लाइडर एवं अन्य खेल सामग्रियों की व्यवस्था की गई। साथ ही विद्यालय के गेट एवं चारदीवारी ,कक्षाओं को पेंटिंग एवं सजावट द्वारा आकर्षक रूप दिया गया, बच्चों के लिए एक छोटा स्टेज बनाया गया तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई, जिससे विद्यालय एक सुंदर एवं सुसज्जित हैप्पी स्कूल में परिवर्तित हो सका। इसमें क्लब सदस्य नमिता भगत द्वारा पार्क के लिए झूला तथा अध्यक्ष ज्ञानी मिश्रा द्वारा स्लाइडर दिया गया।

उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने कहा कि इनरव्हील क्लब देवघर द्वारा किया गया यह “हैप्पी स्कूल” प्रोजेक्ट अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक है। उन्होंने क्लब अध्यक्ष ज्ञानी मिश्रा के नेतृत्व एवं सभी विद्यालय परिवार के सहयोग की प्रशंसा करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को मेडल एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों के बीच कलर आइटम, गिफ्ट, चिप्स, बिस्कुट एवं चॉकलेट का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर क्लब की सदस्याओं, विद्यालय शिक्षक विद्यार्थीगण शामिल रहे।



