रजौली सहयोग शिविर में शिक्षक ने उठाया 4 साल का बकाया वेतन का मुद्दा, विधायक के हस्तक्षेप के बाद लिया गया आवेदन

रजौली/नवादा (मनीष कुमार) : रजौली प्रखंड सभागार में आयोजित सहयोग शिविर में गुरुवार को एक शिक्षक को अपना बकाया वेतन मांगने के लिए विधायक का सहारा लेना पड़ा। मामला शिक्षा विभाग से जुड़ा है। शिक्षक प्रहलाद कुमार चौधरी अपने एरियर की मांग को लेकर थक-हारकर शिविर में पहुंचे थे। रजौली विधायक विमल राजवंशी के हस्तक्षेप के बाद बीईओ सह बीसीओ ने उनका आवेदन लिया।
कोरोना के कारण छूटी ट्रेनिंग, नौकरी से हटाए गए
शिक्षक प्रहलाद कुमार चौधरी एक विषय में अनुत्तीर्ण होने के कारण अप्रशिक्षित रह गए थे। उन्होंने बताया कि सत्र 2017-19 के डीएलएड में अनुत्तीर्ण छात्रों के लिए विभाग को पूरक परीक्षा की विज्ञप्ति निकालनी थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण 2019 के लिए विज्ञप्ति ही जारी नहीं की गई।
इसी का हवाला देकर शिक्षा विभाग ने उन्हें अप्रशिक्षित घोषित करते हुए अक्टूबर 2022 में पदमुक्त कर दिया। पदमुक्त किए जाने के बाद से प्रहलाद कुमार चौधरी अपने बकाया वेतन के भुगतान के लिए बीईओ और डीपीओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। उनका आरोप है कि एरियर बिल पर केवल हेडमास्टर का ही हस्ताक्षर हुआ है। पिछले 4 साल से रजौली प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का हस्ताक्षर नहीं होने के कारण भुगतान अटका है। शिक्षक का कहना है कि अब उनके पास सिर्फ बकाया वेतन मिलने की आस बची है।
शिक्षक नेता बोले- कोरोना ने छीन ली नौकरी
रजौली प्रखंड के शिक्षक नेता अजीत कुमार ने कहा कि प्रहलाद कुमार चौधरी हमारे ही विद्यालय के टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक थे। दुर्भाग्य है कि कोरोना के कारण उनकी नौकरी चली गई। उन्होंने बताया कि डीएलएड की 2020 तक की विज्ञप्ति तो निकली, लेकिन 2019 के लिए फॉर्म अप्लाई हेतु विज्ञप्ति ही नहीं निकाली गई। अजीत कुमार ने कहा कि प्रहलाद कुमार चौधरी ईमानदार, सरल, व्यवहारिक, अनुशासित और आज्ञाकारी शिक्षक रहे हैं।
शिक्षक नेता ने रजौली प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना से आग्रह किया है कि शिक्षक प्रहलाद कुमार चौधरी का बकाया वेतन यथाशीघ्र भुगतान किया जाए। सहयोग शिविर में आए अन्य शिक्षकों ने भी चौधरी के प्रति सहानुभूति जताई और विभाग से मानवीय आधार पर निर्णय लेने की मांग की। इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की पत्रावली देखकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



