फुलकाहा में निकली विशाल तिरंगा यात्रा, विधायक देवंती यादव के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब
‘शहीदों के सम्मान और सशक्त भारत का संकल्प है तिरंगा यात्रा’:विधायक देवंती यादव

- फुलकाहा में देवंती यादव के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब, बच्चों की झांकी-नृत्य ने बांधा समां
फुलकाहा। स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुवार को फुलकाहा में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकली विशाल तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का जनसैलाब उमड़ पड़ा। विधायक देवंती यादव के नेतृत्व में निकली यात्रा में हजारों लोग तिरंगा लेकर शामिल हुए। ‘भारत माता की जय’ और ‘रंग दे बसंती चोला’ के नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा।
दो किमी तक दिखा तिरंगे का कारवां
अटल चौक से शुरू हुई यात्रा फुलकाहा गांधी चौक, नवाबगंज चैती दुर्गा मंदिर और बॉर्डर रोड होते हुए पुनः गांधी चौक पहुंची। करीब दो किलोमीटर लंबे काफिले में बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन शामिल रहे। तेज धूप भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। हाथों में तिरंगा और जुबान पर देशभक्ति के नारे लिए लोग कदम से कदम मिलाते आगे बढ़ते रहे।
रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पानी-शरबत पिलाकर और पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
बच्चों की झांकी ने खींची निगाहें
यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर आकर्षक झांकी और नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुति ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और यात्रा का माहौल और भी जीवंत हो उठा।
‘युवाओं को बुजुर्गों के अनुभव से लेना चाहिए मार्गदर्शन’
विधायक देवंती यादव ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से बुजुर्गों के मार्गदर्शन में आगे बढ़ते हुए सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
गांधी चौक पर यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान पूरा फुलकाहा क्षेत्र तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।



