बिहार पुलिस में चयनित अभ्यर्थियों का सम्मान, कोचिंग संस्थान में आयोजित हुआ सम्मान समारोह

नरहट/नवादा (विजय कुमार) : चयनित पुलिस जवानों को सम्मानित करने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में निजी संस्थान कंपटीशन कोचिंग सेंटर में बिहार पुलिस में अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों एवं शिक्षकों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
समारोह के दौरान बिहार पुलिस में अंतिम रूप से चयनित नंदिता कुमारी, साहिल कुमार, धीरज कुमार, विकास कुमार और राकेश कुमार को सम्मानित किया गया। वहीं संस्थान के शिक्षक चंदन सर को भी अंतिम रूप से चयनित होने पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निर्देशक राकेश कुमार ने की, जबकि मंच संचालन मुकेश संगम ने किया।
इस अवसर पर प्रेम प्रकाश सर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के बल पर कोई भी छात्र अपने लक्ष्य को हासिल कर सकता है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अन्य विद्यार्थियों से भी पूरी लगन और समर्पण के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में संस्थान के निर्देशक राकेश कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि केवल चयनित अभ्यर्थियों की नहीं, बल्कि पूरे संस्थान के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि संस्थान आगे भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उनके सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
कार्यक्रम में राजेश सर, प्रभात सर, गोलू सर और रौशन सर सहित सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह को सफल बनाने में विकास कुमार वंदन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सम्मान समारोह के अंत में चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं तथा विद्यार्थियों ने उनकी सफलता से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।



