चार श्रम कानूनों के विरोध में स्वास्थ्य कर्मियों का काला बिल्ला लगाकर प्रदर्शन

देवघर। चार श्रम कानूनों के विरोध में केंद्रीय श्रमिक संगठनों द्वारा आयोजित देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने देवघर जिले में काला बिल्ला लगाकर कार्य करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। संघ के आह्वान पर जिले के सदर अस्पताल सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थल पर काला बिल्ला लगाकर केंद्र सरकार के श्रम कानूनों का विरोध दर्ज कराया और इन्हें वापस लेने की मांग की।
संघ के देवघर शाखा के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र के नेतृत्व में सदर अस्पताल में व्यापक स्तर पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को रखते हुए कहा कि नए श्रम कानून श्रमिक हितों के खिलाफ हैं और इससे कर्मचारियों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रभावित होगी। उन्होंने केंद्र सरकार से इन कानूनों को निरस्त करने की मांग की।

सदर अस्पताल में आयोजित प्रदर्शन में मनोज कुमार मिश्र के नेतृत्व में संजीव मिश्र, विश्वनाथ बक्शी, पारस नाथ अंबे, अनिल कुमार गुप्ता, आलोक कुमार, प्रमोद सोरेन, विजय सिंह, पुरण पंडित, नारायण दास, अनिल कुमार यादव, अनुपम सिंह, प्रज्ञा कुमारी, रीना कुमारी, कपिल कुमार, गणेश कुमार, अजित कुमार, राहुल किस्कू, पुष्पा कुमारी, जुली और वृंदा सहित अनेक कर्मचारियों ने भाग लिया।
इसके अलावा जसीडीह में अरुण प्रसाद यादव, सौरभ रिचर्ड, कुमार अभिषेक, रोबर्ट मुर्मू, श्रीनिवास दुबे, चंदन कुमार सहित अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति में विरोध प्रदर्शन किया गया। वहीं सारवां में आरती कुमारी के नेतृत्व में तथा मोहनपुर में अल्का कुमारी के नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर हड़ताल का समर्थन किया।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह विरोध प्रतीकात्मक रूप से किया गया है ताकि आम जनता को स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की असुविधा न हो, लेकिन साथ ही सरकार तक कर्मचारियों की आवाज भी पहुंचे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि श्रम कानूनों को वापस नहीं लिया गया तो भविष्य में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



