वेतन भुगतान में देरी पर स्वास्थ्य कर्मियों की आंदोलन चेतावनी

देवघर। झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को कुष्ठ आश्रम रोड स्थित संघ कार्यालय में जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला सचिव अरुण प्रसाद यादव, संयुक्त सचिव संजीव कुमार मिश्र, कोषाध्यक्ष सौरभ रिचर्ड, एएनएम संघ की सचिव आरती कुमारी सहित बुद्धिनाथ झा, उषा शर्मा, शालिनी कुमारी, किरण कुमारी, पूनम कुमारी, ममता कुमारी, पोचू राम, अजित कुमार महतो, राहुल किस्कू एवं छोटू राम उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्य रूप से स्वास्थ्य विभाग के नियमित, अनुबंध एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों के वेतन, मानदेय एवं अन्य देय लाभों के भुगतान में हो रही देरी का मामला उठाया गया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि आवंटन उपलब्ध रहने के बावजूद कर्मचारियों को समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे कर्मियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में सर्वसम्मति से सिविल सर्जन से मांग करते हुए निर्णय लिया गया कि यदि सात दिनों के भीतर लंबित भुगतान एवं अन्य मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो कर्मचारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

संघ की प्रमुख मांगें

  1. जिले के सभी नियमित, अनुबंध एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लंबित वेतन, मानदेय एवं पारिश्रमिक का भुगतान एक सप्ताह के भीतर किया जाए।
  2. एनएचएम के सभी अनुबंध कर्मियों को वर्ष 2025-26 के एप्रेजल के आधार पर 5 से 8 प्रतिशत तक मानदेय वृद्धि सुनिश्चित की जाए।
  3. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारवां में हुए कथित कोषागार घोटाले की जांच कर तत्कालीन निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी सह प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह पर प्राथमिकी दर्ज की जाए, क्योंकि संबंधित भुगतान उनके हस्ताक्षर से किए गए हैं।
  4. सभी जिला स्तरीय कर्मचारियों को देय एमएसीपी एवं एसीपी का लाभ एरियर सहित भुगतान किया जाए।
  5. बॉन्ड सेवा में कार्यरत कर्मियों का लंबित मानदेय शीघ्र जारी किया जाए।
  6. रक्त केंद्र देवघर में अस्पताल प्रबंधन समिति के तहत कार्यरत सफाई कर्मी छोटू राम का अक्टूबर 2025 से लंबित पारिश्रमिक भुगतान किया जाए।

संघ ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जिलेभर के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी 18 मई 2026 को काला बिल्ला लगाकर कार्य करेंगे तथा 19 मई 2026 को एक दिवसीय कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button