बेगूसराय में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर

बेगूसराय। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से गुरुवार को बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में नगर निगम की मुख्य पार्षद पिंकी देवी, उप मुख्य पार्षद अनीता देवी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, पूर्व मुख्य पार्षद संजय कुमार सिंह सहित निगम कर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।तिरंगा यात्रा हर हर महादेव चौक से शुरू हुई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में लोग देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा मेन मार्केट से होकर गुजरी। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। लोगों में देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखने को मिला।


इस मौके पर मुख्य पार्षद पिंकी देवी ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान तथा देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है।उन्होंने कहा कि देश की प्रगति और मजबूती के लिए समाज के सभी वर्गों का एकजुट होना जरूरी है। ऐसी यात्राएं लोगों में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता की भावना को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने शहरवासियों से स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना के साथ मनाने की अपील की।
यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए निगम चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। तिरंगा यात्रा के दौरान शहरवासियों में खासा उत्साह नजर आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button