मीना अनिल कन्या सम्मान समिति की ओर से भव्य कन्या पूजन एवं 35 कन्याओं को अनुदान
माधौगढ़ में कन्या सम्मान समारोह, 35 बेटियों को मिला सहयोग

जनपद/ जालौन। तहसील माधौगढ़ स्थित महक पैलेस में मीना अनिल कन्या सम्मान समिति द्वारा कन्या पूजन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 35 कन्याओं को शादी एवं शिक्षा के लिए ₹10,000 प्रति कन्या की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
समिति के संस्थापक अनिल जी एवं उनकी पत्नी मीना ने वर्ष 2009 में अपने पिता स्व. मलखान सिंह (स्वतंत्रता संग्राम सेनानी) की स्मृति में संकल्प लिया था कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने तथा जरूरतमंद बेटियों की शादी में सहयोग किया जाएगा।
इस संकल्प के तहत अब तक 1000 से अधिक बेटियों को सम्मान राशि प्रदान की जा चुकी है। इसके साथ ही संस्था द्वारा जन-जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य किया जा रहा है।
समिति द्वारा उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के सैकड़ों गांवों में सत्संग के माध्यम से सामाजिक जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इस अभियान में समाज के अनेक सत्यप्रेमियों का सहयोग मिलता रहा है।
समारोह के दौरान गुरु देव अनिल जी ने पूर्व प्रधानाचार्य सुधर सिंह एवं कप्तान सिंह सहित कई गणमान्य लोगों को शाल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सत्संग प्रेमी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाया।



