कॉमरेड ए.के. राय की 91वीं जयंती पर भव्य समारोह, स्मारक स्थल पर रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर आयोजित

धनबाद: कॉमरेड ए.के. राय स्मारक आयोजन समिति, धनबाद के तत्वावधान में आज केंद्रीय अस्पताल के समीप स्थित स्मारक स्थल पर जननायक, समाजवादी एवं मजदूर-किसान नेता कॉमरेड ए.के. राय की 91वीं जयंती पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रक्तदान शिविर एवं विभिन्न स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत जगजीवन नगर स्थित शहीद भगत सिंह प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद एक रैली निकाली गई, जो सड़क मार्ग से होते हुए स्मारक स्थल पहुंची। स्मारक स्थल पर कॉमरेड ए.के. राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान “कॉमरेड ए.के. राय अमर रहें” और “कॉमरेड रॉय जी को लाल सलाम” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

समारोह एवं सभा प्रारंभ होने से पूर्व अभय सुंदरी एवं नूपुर डांस ग्रुप द्वारा स्वागत नृत्य एवं सांस्कृतिक गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्मारक आयोजन समिति के अध्यक्ष कॉमरेड हरि प्रसाद पप्पू ने की। उद्घाटन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भारत ज्ञान विज्ञान समिति, काशीनाथ चटर्जी ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र और संविधान पर गंभीर हमले हो रहे हैं, जिनके खिलाफ संघर्ष के लिए मार्क्सवादी विचारधारा ही प्रभावी माध्यम है, जिसे कॉमरेड ए.के. राय ने अपने जीवन में आत्मसात किया था।

मुख्य वक्ता विधायक कॉमरेड अरूप चटर्जी ने कहा कि कॉमरेड ए.के. राय झारखंड आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार थे। उनके संघर्षों को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि हम सभी उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी।

भाकपा माले नेता एवं धनबाद प्रभारी कॉमरेड जनार्दन प्रसाद ने कहा कि वर्तमान सरकार कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए मजदूर और किसानों पर दमनकारी नीतियां लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि कॉमरेड ए.के. राय की जयंती पर हमें झारखंड को “लालखंड” बनाने का संकल्प लेना चाहिए, जो उनके सपनों का हिस्सा था।

सीपीआई(एम) राज्य सदस्य शिव बालक पासवान ने कहा कि कॉमरेड राय साम्राज्यवादी और फासीवादी ताकतों के खिलाफ संघर्ष के प्रतीक थे और आज भी उनके विचार हमें एकजुट होकर संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं।

अन्य वक्ताओं में विधायक कॉमरेड चंद्रदेव महतो ने कहा कि कॉमरेड ए.के. राय मजदूर और किसान आंदोलनों के सशक्त प्रतीक थे।सभा का अभिनंदन आयोजन समिति के सचिव सत्यनारायण कुमार ने किया, जबकि संचालन सुभाष चटर्जी ने किया।

कार्यक्रम में सीटू जिला अध्यक्ष आनंदमय पाल, महामंत्री राम कृष्णा पासवान, माले जिला सचिव विंदा पासवान, बियाडा पूर्व अध्यक्ष विजय झा, सिद्धार्थ बंदोपाध्याय सहित अनेक नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी विचार रखे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने कॉमरेड ए.के. राय के विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button