राजकीय श्रावणी मेला 2026: दूसरी सोमवारी पर बाबा नगरी देवघर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 3.69 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला, 2026 की दूसरी सोमवारी और मेले के 12वें दिन बाबा नगरी देवघर में शिव भक्तों का अभूतपूर्व उत्साह और जनसैलाब देखने को मिला। चारों तरफ गूंजते ‘बोल बम’ के जयकारों और केसरियामय माहौल के बीच कांवरियों की भारी आस्था और श्रद्धा का अनूठा नजारा दिखा। श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ और सुगम दर्शन की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अहले सुबह से ही बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण का सिलसिला शुरू हो गया था।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, इस दूसरी सोमवारी के पावन अवसर पर कुल 3,69,449 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। मेला क्षेत्र में भीड़ के बेहतर प्रबंधन और कतारबद्ध नियंत्रण के लिए किए गए इंतजामों के तहत, बाह्य अर्घा के माध्यम से 2,41,863 और आंतरिक अर्घा के जरिए 1,27,586 श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक जलार्पण किया।

श्रावणी मेले के दूसरे सोमवार को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस बल के अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। लंबी कतारों के बावजूद भक्तों में गजब का अनुशासन और उत्साह देखा गया, जिससे पूरा मेला परिसर पूरी तरह से शिवमय हो गया है। रूट लाइन से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम देखने मिला। भीड़ प्रबंधन, जगह-जगह तैनात मजिस्ट्रेट, स्वास्थ्य शिविर और पेयजल की निरंतर आपूर्ति ने इस दूसरी सोमवारी को बेहद व्यवस्थित और सफल बना दिया, जिससे हर एक शिव भक्त के चेहरे पर संतुष्टि साफ झलक रही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button