श्रावणी मेला के तीसरे दिन बाबा नगरी देवघर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 1.27 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के तीसरे दिन बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बाबा नगरी पूरी तरह “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठी। अहले सुबह 04:15 बजे मंदिर में जलार्पण की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसके बाद श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा बैद्यनाथ पर पवित्र गंगाजल अर्पित करते रहे।
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, तीसरे दिन कुल 1,27,533 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया। इनमें बाह्य अर्घा के माध्यम से 27,354, आंतरिक अर्घा से 94,528 तथा शीघ्र दर्शनम व्यवस्था के तहत 5,651 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया।
श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु जलार्पण व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुबह से ही मंदिर परिसर और कतार मार्गों पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं के कारण श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक और व्यवस्थित ढंग से बाबा का जलाभिषेक किया।
राजकीय श्रावणी मेला 2026 में प्रतिदिन लाखों शिवभक्तों के देवघर पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।



