बेख़ौफ़ अपराधियों ने किया युवक का अपहरण, पुलिस ने जंगल से किया बरामद

कटोरिया/बांका। कटोरिया थाना क्षेत्र के बनियाकुरा मोड़ के समीप से शनिवार को एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। अपहृत युवक ओढ़नी डैम ओपी अंतर्गत असनातरी गांव निवासी सूरज यादव का 19 वर्षीय पुत्र श्याम यादव बताया गया है। जानकारी के अनुसार श्याम यादव शनिवार को अपने भाई विकास यादव के साथ कटोरिया बाजार स्थित एक सर्राफा दुकान से जेवर बंधक छुड़ाने एवं किराना दुकान का सामान लेने आया था।
इसी दौरान वापस घर लौटने के क्रम में बनियाकुरा मोड़ के पास थाना क्षेत्र के बहदिया निवासी कुंदन सहित चार-पांच लोगों ने हथियार के बल पर उसे रोक लिया। कुंदन ने विकास यादव का मोबाइल तोड़ दिया तथा श्याम का मोबाइल स्विच ऑफ कर उसे जबरन अपने साथ ले गया। बताया जाता है कि कुंदन ने ओढ़नी डैम ओपी क्षेत्र के ही एक गांव की लड़की को भगाकर शादी की थी, जिसका फोटो या पोस्ट किसी के द्वारा सोशल मीडिया पर डाला गया था। कुंदन का आरोप है कि उक्त पोस्ट श्याम के द्वारा डलवाया गया था, इसी को लेकर उसका अपहरण किया गया।
इधर मामले की जानकारी मिलते ही कटोरिया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने कुंदन के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान जंगल में युवक को बंधक बनाकर रखे जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बूढ़ीघाट जंगल में छापेमारी की। पुलिस की दबिश को देखते ही अपहरणकर्ता श्याम यादव को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया है।।फिलहाल पुलिस मामले में अग्रेत्तर कार्रवाई कर रही है ।



