कौआकोल में बीसीओ कुंदन बर्णवाल को विदाई, अजय निराला का स्वागत

रौशन कुमार सोनू
कौआकोल (नवादा): प्रखंड मुख्यालय स्थित कौआकोल बाजार में बुधवार को प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (बीसीओ) कुंदन बर्णवाल के स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मौजूद अधिकारियों,पैक्स अध्यक्षों एवं सहकारिता विभाग से जुड़े लोगों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। साथ ही नवपदस्थापित बीसीओ अजय कुमार निराला का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि के रुप में मौजूद जिला सहकारिता पदाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा का अभिन्न हिस्सा है,लेकिन अपने कार्यों,व्यवहार और कार्यशैली से लोगों के बीच अलग पहचान बनाना हर किसी के लिए संभव नहीं होता।

उन्होंने कहा कि कुंदन बर्णवाल ने अपने कार्यकाल में पैक्सों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने नवपदस्थापित बीसीओ अजय कुमार निराला का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भी सहकारिता विभाग की योजनाओं का प्रभावी संचालन होगा। विदाई समारोह में पैक्स अध्यक्षों ने कहा कि कुंदन बर्णवाल हमेशा जनप्रतिनिधियों और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते थे। उनके सरल,सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार के कारण सभी के बीच उनकी अलग पहचान बनी।
पैक्स अध्यक्षों ने शेरघाटी (गयाजी) में उनके नए दायित्व के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नवपदस्थापित बीसीओ अजय कुमार निराला ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सरकार की योजनाओं को पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ धरातल पर उतारने का हरसंभव प्रयास करेंगे तथा पैक्स अध्यक्षों एवं किसानों के सहयोग से सहकारिता विभाग को और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। समारोह में बीसीओ सह प्रभारी बीईओ अजित कुमार,पैक्स अध्यक्ष रजनीश कुमार,संजय यादव,सुनील साव, रामाश्रय सिंह,नरेंद्र सिंह,अभय कुमार,कान्ति देवी सहित अन्य पैक्स अध्यक्ष,सहकारिता विभाग के कर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।



