नगर निकाय चुनाव में नाम निर्देशन का चौथा दिन, महापौर पद पर आठ प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
देवघर नगर निगम और मधुपुर नगर परिषद में वार्ड स्तर पर भी बढ़ी चुनावी गतिविधि

देवघर। नगरपालिका आम चुनाव 2026 के तहत सोमवार को नाम निर्देशन प्रक्रिया के चौथे दिन नगर निकायों में चुनावी सरगर्मी तेज रही। देवघर जिले के देवघर नगर निगम और मधुपुर नगर परिषद में विभिन्न पदों के लिए बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।

देवघर नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल आठ प्रत्याशियों ने नाम निर्देशन कराया। इनमें अशोक कुमार मिश्र, नागेंद्रनाथ बलियासे, रवि कुमार केशरी, सूरज कुमार झा, रीता चौरसिया, धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय, मंजू देवी और सुनील कुमार गुप्ता शामिल हैं। नामांकन को लेकर पूरे दिन डीसी कार्यालय परिसर में चहल-पहल बनी रही।

वहीं मधुपुर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए एक प्रत्याशी मित्ती कुमारी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रशासन की ओर से नाम निर्देशन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। वार्ड स्तर पर भी नामांकन का सिलसिला जारी रहा। देवघर नगर निगम के वार्ड संख्या 1 से 12 तक वार्ड पार्षद पद के लिए 32 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। वार्ड संख्या 13 से 24 में 29 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया, जबकि वार्ड संख्या 25 से 36 में 37 प्रत्याशियों ने चुनाव मैदान में उतरने के लिए नाम निर्देशन कराया।

मधुपुर नगर परिषद में वार्ड संख्या 1 से 12 तक 27 प्रत्याशियों ने वार्ड पद के लिए नामांकन किया। वहीं वार्ड संख्या 13 से 23 तक कुल 25 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए।

नाम निर्देशन के चौथे दिन सामने आए आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आगामी दिनों में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।



