शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव : आशीष दीक्षित
शीला एकेडमी में भव्य विदाई समारोह, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

माधौगढ़ (जालौन)। नगर के पालीवाल गार्डन में बुधवार को शीला एकेडमी द्वारा कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं के लिए भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा पालीवाल ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक आशीष दीक्षित ने कहा कि बचपन जीवन की प्रथम कड़ी है। माँ प्रथम गुरु होती है, लेकिन सामाजिक, शैक्षणिक एवं जीवन के विविध क्षेत्रों में आगे बढ़ने की दिशा और सामर्थ्य गुरु ही प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहते हुए निरंतर परिश्रम करें और शिक्षा को जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएं।
उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं। यदि वे अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे तो निश्चित रूप से समाज और देश को नई दिशा देंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों को अपनाने और कठिन परिश्रम से कभी न घबराने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रधानाचार्य जयपाल सिंह ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास का महत्व बताते हुए सफलता के मंत्र बताए। प्रधानाचार्य श्री मोहित राठौर ने कहा कि छात्रों को केवल परीक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन की चुनौतियों के लिए भी स्वयं को तैयार रखना चाहिए।
कार्यक्रम में अजय सिंह एवं हिमांशी द्वारा प्रस्तुत सुंदर भजनों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। समारोह का संचालन मोहन सिंह ने गरिमामय ढंग से किया। कार्यक्रम में व्यवस्थापक मानवेन्द्र सिंह सहित हेमंत सिकरवार, पवन, राजदीप पाल, दीपक दोहरे, विकास यागिक, अमन, संदीप सेंगर, राजेश, अभिषेक, युवराज सेंगर, शशांक मिश्रा, साक्षी, सोनम, नीलम, आराधना, द्रोपदी, शिवानी, नम्रता, प्रिया, मीरा, कनिष्का, संजना, दिव्या सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। समारोह का वातावरण उत्साह, सम्मान और भावनाओं से सराबोर रहा।



