बी एन एम यू:सीनेट चुनाव में नामांकन करेंगे डॉ. सुधांशु शेखर
टीपी कॉलेज के पीजी दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष सामान्य सीट से प्रबल दावेदार

मधेपुरा। बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय (बीएनएमयू) की अंगीभूत इकाई टीपी कॉलेज, मधेपुरा के स्नातकोत्तर दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. सुधांशु शेखर शुक्रवार को विश्वविद्यालय सीनेट चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वे अंगीभूत इकाई के सामान्य सीट से प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।
डॉ. सुधांशु शेखर ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी), पटना के माध्यम से 3 जून 2017 को टीपी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में योगदान दिया था। योगदान के बाद से ही उन्होंने शिक्षकों के हित में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी थी।
विश्वविद्यालय प्रशासन में निभाई अहम भूमिका
तत्कालीन कुलपति प्रो. अवध किशोर राय और प्रतिकुलपति प्रो. फारुक अली के सहयोग से डॉ. शेखर ने शिक्षकों की पदस्थापना प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अगस्त 2017 में उन्हें विश्वविद्यालय का जनसंपर्क पदाधिकारी नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने विश्वविद्यालय की सकारात्मक छवि बनाने और शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्रों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई।
उपकुलसचिव के रूप में भी दी सेवाएं
जुलाई 2020 में तत्कालीन प्रभारी कुलपति प्रो. ज्ञानंजय द्विवेदी ने उन्हें जनसंपर्क पदाधिकारी के साथ-साथ उपकुलसचिव (अकादमिक) की जिम्मेदारी भी सौंपी। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की।
सितंबर 2021 में तत्कालीन कुलपति प्रो. आर.के.पी. रमण ने उन्हें उपकुलसचिव (स्थापना) का दायित्व दिया। इस पद पर रहते हुए उन्होंने बीएनएमयू में पहली बार बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग से नियुक्त हिंदी विषय के असिस्टेंट प्रोफेसरों की काउंसलिंग कराकर उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा।
वर्तमान कुलपति प्रो. बी.एस. झा ने उन्हें राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का कार्यक्रम समन्वयक बनाया, जहां उन्होंने स्वयंसेवकों और कार्यक्रम पदाधिकारियों के हित में कई महत्वपूर्ण पहल की।
शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय
डॉ. शेखर ने विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विश्वविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभाग और ठाकुर प्रसाद कॉलेज, मधेपुरा में कई अकादमिक कार्यक्रमों का आयोजन उनके प्रयासों से हुआ।
छात्र जीवन से ही वे विभिन्न शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े रहे हैं। टीपी कॉलेज शिक्षक संघ के सचिव के रूप में उन्होंने अध्यक्ष डॉ. रत्नदीप के मार्गदर्शन में कई अभिनव पहल की।
वे दर्शन परिषद्, बिहार के प्रदेश संयुक्त सचिव एवं मीडिया प्रभारी तथा अखिल भारतीय दर्शन परिषद् के सहसचिव भी हैं। इसके अलावा प्रांगण रंगमंच सहित कई सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
कई पुरस्कारों से हो चुके हैं सम्मानित
डॉ. सुधांशु शेखर को अखिल भारतीय दर्शन परिषद् द्वारा विजयश्री स्मृति युवा पुरस्कार तथा श्रीमती कमलादेवी जैन स्मृति सर्वश्रेष्ठ आलेख पुरस्कार सहित कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।



