अरवल में बढ़ रहे घरेलू विवाद, महिला थाना ने 243 मामलों का कराया समझौता

अरवल। जिले में घरेलू विवाद के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पति-पत्नी, सास-बहू, ननद-भाभी समेत पारिवारिक कलह के कई मामले अब घर से निकलकर महिला थाना तक पहुंच रहे हैं। महिला थाना में प्रतिदिन ऐसे मामलों की सुनवाई और समाधान किया जा रहा है।

महिला थाना अध्यक्ष नीलमणि ने बताया कि वर्ष 2025 में घरेलू विवाद से जुड़े कुल 323 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 159 मामलों का निष्पादन थाना स्तर पर ही आपसी समझौते से कर दिया गया। वहीं वर्ष 2026 में 2 जून तक घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवाद के 195 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 84 मामलों का सफलतापूर्वक समझौता कराया गया।

उन्होंने कहा कि महिला थाना की पहली प्राथमिकता टूटते हुए परिवारों को जोड़ना और दोनों पक्षों के बीच सुलह कराना है। शिकायत मिलने के बाद थाना स्तर से दोनों पक्षों को दो से तीन बार नोटिस भेजा जाता है। इसके बाद परिवार के सदस्यों को बुलाकर समझाने का प्रयास किया जाता है ताकि विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकल सके।

नीलमणि ने बताया कि यदि दोनों पक्ष समझौते के लिए तैयार नहीं होते हैं, तब आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाती है। महिला थाना हर संभव प्रयास करता है कि आपसी सहमति और समझदारी से परिवारों को दोबारा खुशहाल बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि महिला थाना में सबसे अधिक मामले घरेलू कलह और पारिवारिक विवाद से संबंधित ही आते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button