श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों पर उपायुक्त की पैनी नजर, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, पार्किंग और टेंट सिटी व्यवस्था पर जोर

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बुधवार को मेला क्षेत्र एवं कांवरिया पथ का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा कराई जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने आईएसबीटी, कोठिया टेंट सिटी निर्माण स्थल, सरसा, भलुवा, परित्राण, दुम्मा बॉर्डर तथा कांवरिया पथ का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कोठिया में प्रस्तावित टेंट सिटी में श्रद्धालुओं के आवासन हेतु बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने टेंट सिटी में स्वच्छता, वेंटिलेशन, फायर सेफ्टी, विद्युत सुरक्षा एवं विद्युत ऑडिट कराने पर विशेष बल दिया। साथ ही शौचालयों की उचित दूरी, निर्बाध बिजली आपूर्ति और सुरक्षित विद्युत संचरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
मेला के दौरान वाहनों की सुचारू पार्किंग व्यवस्था के लिए कोठिया, परित्राण, सरसा एवं भलुवा में व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित करने का निर्णय लिया गया है। उपायुक्त ने इन स्थानों पर बैरिकेडिंग, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, स्नानगृह, स्वास्थ्य शिविर, साउंड सिस्टम तथा सूचना प्रदर्शित करने हेतु बैनर-पोस्टर लगाने के निर्देश दिए।
कांवरिया पथ का पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
दुम्मा बॉर्डर से कांवरिया पथ का पैदल निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने महीन बालू बिछाव, पेयजल व्यवस्था, बिजली के तारों को व्यवस्थित करने, चापाकलों के आसपास सफाई तथा अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे कांवरिया रूटलाइन में केवल महीन बालू का उपयोग किया जाए, ताकि पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपायुक्त ने प्रशासनिक शिविर, ओपी, स्वास्थ्य केंद्र, सूचना-सह-सहायता केंद्र, होल्डिंग प्वाइंट, शौचालय, स्नानागार, इंद्र वर्षा शेड तथा पेयजल सुविधाओं से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही कांवरिया पथ एवं आसपास के गांवों में विशेष सफाई अभियान चलाने और कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
शिवगंगा सरोवर और मेला क्षेत्र की स्वच्छता पर विशेष जोर
उपायुक्त ने शिवगंगा सरोवर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई और कचरा उठाव की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इसके अलावा दुम्मा से खिजुरिया मोड़ तक रंग-रोगन, शेड, चापाकल, सरकारी भवनों एवं शौचालयों की मरम्मत तथा सौंदर्यीकरण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कांवरिया पथ पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।



