उपायुक्त व एसएसपी ने किया पोलिंग पार्टियों को रवाना

  • हर काउंटर का भ्रमण कर की कर्मियों की हौसला अफजाई
  • टू लेयर सिक्योरिटी से गुजर कर वाहन हुए मतदान केंद्रों के लिए रवाना
  • 23 ग्रीन कॉरिडोर होकर सुगमता से गुजरी पोलिंग पार्टियां
  • चुनाव में व्यवधान डालने वालों के विरुद्ध होगी कठोर से कठोर कार्रवाई
  • मतदाताओं से चुनाव में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की प्रशासन ने की अपील

धनबाद। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने नगर निकाय चुनाव को लेकर रविवार सुबह 8:30 बजे मेगा स्पोर्ट्स कंपलेक्स से धनबाद नगर निगम एवं चिरकुंडा नगर परिषद के 1019 बूथ की पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री लेकर रवाना किया गया।
पोलिंग पार्टियों को रवाना करने से पहले उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) मुकेश कुमार बाउरी ने डिस्पैच सेंटर के हर पंडाल का भ्रमण कर पोलिंग पदाधिकारियों की हौसला अफजाई की।

डिस्पैच सेंटर में धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 1 से 5, 6 से 10, 11 से 15, 16 से 20, 21 से 25, 26 से 30, 31 से 35, 36 से 40, 41 से 45, 46 से 50 एवं 51 से 55 वार्ड के लिए 11 पंडाल बनाए गए थे। जबकि चिरकुंडा नगर परिषद के वार्ड संख्या 1 से 21 के लिए एक पंडाल बनाया गया था। सभी पंडालों में संबंधित निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी ने सामग्री का मिलान कर पोलिंग पार्टी को सौंपी।

डिस्पैच सेंटर में धनबाद नगर निगम तथा चिरकुंडा नगर परिषद के लिए अलग-अलग वाहन पड़ाव बनाए गए थे। वहीं सेंटर के मुख्य गेट पर वाहन कोषांग द्वारा पोलिंग पदाधिकारियों को मार्गदर्शन देकर संबंधित वाहनों में बैठाया गया। डिस्पैच सेंटर में वाहनों को टू लेयर सिक्योरिटी पर अच्छे से जांच पड़ताल कर संबंधित मतदान केंद्र के लिए रवाना किया गया। गंतव्य तक पहुंचाने के लिए 23 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए थे। जिससे गुजरकर सारे वाहन सुगमता से अपने-अपने मतदान केंद्रों तक पहुंचे। वहीं जिले के चौक चराहों पर सामान्य ट्रैफिक को रोककर चुनाव कार्य में लगे वहनों को पहले रवाना किया गया। वाहनों के साथ पूरे यात्रा मार्ग में पुलिस की टीम मौजूद रही।

वहीं पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के बाद उपायुक्त ने कहा कि सभी पोलिंग पार्टियों बहुत ही सुगमता से अपने-अपने बूथों के लिए रवाना हो गई है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा निर्वाची पदाधिकारी को मतदान केंद्र पर सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। चुनाव को लेकर कंट्रोल रूम से कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टियों को निर्देश दिया है कि अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर सामग्री को चेक कर लें। यदि कोई कमी है तो संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट या निर्वाची पदाधिकारी से संपर्क कर उसे पूरी करें।
साथ ही उपायुक्त ने कहा कि आज देर शाम संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्र एवं क्षेत्र का भ्रमण किया जएगा। चुनाव में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने वालों पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी।
इस मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करने के लिए प्रशासन एवं पुलिस ने सभी तैयारियां कर ली है।

उन्होंने मतदाताओं को विश्वास दिलाते हुए कहा कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। साथ-साथ चुनाव में व्यवधान डालने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति चुनाव में बाधा डालने, मतदाताओं को डराने-धमकाने या किसी विशेष के पक्ष में वोट डालने का दबाव बनाएगा या धमकाएगा तो वैसे तत्व को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उसके विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।

डिस्पैच सेंटर में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, धनबाद नगर निगम के सामान्य प्रेक्षक रोबिन टोप्पो, चिरकुंडा नगर परिषद के सामान्य प्रेक्षक सुरेंद्र कुमार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, धनबाद नगर निगम में महापौर के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार, चिरकुंडा नगर परिषद में अध्यक्ष के निर्वाची पदाधिकारी सह एडीएम सप्लाई जियाउल अंसारी, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी, अप निर्वाचन पदाधिकारी नगर पालिका मुकेश कुमार बाउरी, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज़ अहमद, डीएसपी शंकर कामती, ट्राफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह, ट्राफिक इंस्पेक्टर लव कुमार के अलावा सभी निर्वाची पदाधिकारी तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button