01 जुलाई से नवादा के छह प्रखंडों में शुरू होंगे डिग्री कॉलेज, डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा

नवादा: जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में शुक्रवार को उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जिले के छह प्रखंडों में प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों के संचालन एवं आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि नवादा जिले के काशीचक, अकबरपुर, गोविन्दपुर, मेसकौर, रोह एवं सिरदला प्रखंडों में 01 जुलाई 2026 से डिग्री कॉलेजों का संचालन प्रस्तावित है। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित तिथि से हर हाल में नियमित पठन-पाठन प्रारंभ होना चाहिए और इसके लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।

डीएम ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कॉलेजों में सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने भवनों की मरम्मत, फर्श, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, पंखा, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आवश्यक सामग्रियों की खरीद GeM Portal और ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली के माध्यम से की जाएगी। जिला योजना पदाधिकारी को खरीद प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने और आईटी प्रबंधक, एनआईसी नवादा को तकनीकी समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी कॉलेजों की आवश्यकता आधारित सूची तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यपालक अभियंता को भवनों के लिए प्राक्कलन तैयार कर कार्य शीघ्र प्रारंभ करने को कहा गया।

डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए कॉलेज संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता अनुसार मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य किया जाए। सुरक्षा के दृष्टिकोण से नाइट गार्ड की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में लिए गए सभी निर्णयों को समयबद्ध रूप से लागू करने और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button