नवादा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार और एक बालक निरुद्ध

नवादा: नवादा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में सक्रिय एक साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।

पुलिस ने इनके पास से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, करीब 39,810 रुपये नकद और एक पर्स बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने 4 जून को थाना क्षेत्र के द्वायनगर गांव स्थित नहर के पूर्वी बांध के पास छापेमारी कर चारों को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भवानी बिगहा निवासी विकास कुमार (30), बेलदरिया निवासी अक्षय कुमार (21) और मंजौर निवासी टिंकू शर्मा (22) के रूप में हुई है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह विभिन्न वित्तीय संस्थानों और मुद्रा योजना के नाम पर उपलब्ध डाटा का उपयोग कर लोगों को फोन करता था और लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था।

आरोपी प्रोसेसिंग फीस, दस्तावेज सत्यापन और अन्य शुल्क के नाम पर पैसे वसूलने के बाद संपर्क तोड़ देते थे।

इस मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 398/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस साइबर गिरोह के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की पहचान के लिए जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button