कांग्रेस नेताओं ने बजट को बताया जनविरोधी, निराशाजनक और पूंजीपतियों के पक्ष में


देवघर। पूर्व जिला अध्यक्ष प्रो उदय प्रकाश ने कहा कि यह बजट काफी निराशाजनक बजट है। चंद् पूंजीपति मित्रों को ख्याल में रखकर यह बजट बनाया गया है। इसमें आम लोगों के लिए विशेष कुछ नहीं किया गया है। गैर भाजपा शासित राज्यों जिनमें से झारखंड आता है, बजट में अनदेखी की गई है।
जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ मुन्नम संजय ने कहा कि यह बजट मजदूर,किसान एवं महिला विरोधी बजट है। देश के अन्नदाता किसान के कल्याण के लिए कुछ नहीं किया गया। वहीं मजदूर के लिए मनरेगा जैसे योजनाओं को बजट में शिथिल कर दिया है। देश की सबसे बड़ी समस्या महंगाई को रोकने के लिए इसमें कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया है। यह जनविरोधी बजट है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकुंद दास ने कहा कि यह बजट सरकार ने बड़े-बड़े उद्योगपति और कारपोरेट घराने को लाभ पहुंचाने के लिए प्राथमिकता देते हुए तय की है। गरीबों,श्रमिकों और किसानों के लिए कुछ नहीं किया गया है। महिला सशक्तिकरण एवं समाजिक कल्याण योजनाओं के लिए प्रयाप्त आबंटन नहीं किया गया है। आर्थिक व्यवस्था को कमजोर करने वाली बजट है।
जिला महासचिव सह प्रवक्ता दिनेश कुमार मंडल ने कहा कि इस बजट में युवा एवं बेरोजगारों के लिए रोजगार सृजन की कोई स्पष्ट और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। इससे बेरोजगारी बढ़ेगी। शिक्षा,स्वास्थ्य एवं सिंचाई के क्षेत्र में कुछ नया नहीं किया गया। बजट में निजीकरण को बढ़ावा देता स्पष्ट दिखाई दे रही है। कुल मिलाकर यह बजट जीरो बटे सन्नाटा है।



