सिरदला में सड़क किनारे फेंका जा रहा बायो मेडिकल व मछली का कचरा, संक्रमण का खतरा बढ़ा

📍सिरदला (नवादा) | संजय सक्सेना

 

नवादा जिले के सिरदला प्रखंड में स्टेट हाईवे-70 के किनारे खुले में बायो मेडिकल वेस्ट और मांस-मछली का कचरा फेंके जाने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। सिरदला-रजौली-गया मुख्य मार्ग स्थित फूल बगान चौक और अस्पताल रोड के आसपास फैली गंदगी से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) से निकलने वाले बायो मेडिकल कचरे को काले पॉलिथीन में भरकर खुले में फेंका जा रहा है। इसके अलावा मछली, मुर्गा और मांस की दुकानों से निकलने वाला जैविक कचरा भी सड़क किनारे जमा किया जा रहा है, जिससे दुर्गंध और संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत तैनात सफाई कर्मियों की निष्क्रियता के कारण समस्या गंभीर होती जा रही है। पीएचसी और निजी नर्सिंग होम के बाहर लगातार कचरा जमा होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

 

यह मार्ग काफी व्यस्त है और प्रतिदिन हजारों लोग तथा कई प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

 

प्रखंड विकास पदाधिकारी दीपेश कुमार ने बताया कि पीएचसी सिरदला को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही नर्सिंग होम एवं मेडिकल संचालकों द्वारा कचरा निस्तारण में बरती जा रही लापरवाही पर भी नाराजगी जताई गई है।

 

वहीं, पीएचसी प्रशासन का कहना है कि सफाई और कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी जीविका समूह को सौंपी गई है तथा इसके लिए डस्टबिन रूम भी उपलब्ध कराया गया है। दूसरी ओर जीविका के सुपरवाइजर का कहना है कि पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण मजबूरन कचरा सड़क किनारे डालना पड़ रहा है।

 

सिरदला बाजार में संचालित करीब डेढ़ दर्जन मछली, मुर्गा, अंडा और मांस की दुकानों से निकलने वाला कचरा भी गंदगी का बड़ा कारण बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नियमित कचरा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button