ऐतिहासिक होगा भामाशाह जयंती समारोह, जुटेंगे राज्यभर के लोग
26 अप्रैल को बीआईए सभागार में होगा भव्य आयोजन

पटना। शूरवीर, धर्मवीर एवं दानवीर भामाशाह की जयंती इस वर्ष भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाई जाएगी। पंचायती राज प्रकोष्ठ, भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश के बैनर तले आगामी 26 अप्रैल (रविवार) को पटना स्थित बीआईए सभागार में एक भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राज्यभर से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को भाजपा बिहार प्रदेश के अटल सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रकोष्ठ के संयोजक मुकेश कुमार नंदन ने की। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि भामाशाह के जीवन-दर्शन, त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
प्रदेश संयोजक मुकेश कुमार नंदन ने कहा कि इस बार का आयोजन ऐतिहासिक होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में यह आयोजन सामाजिक स्तर पर सीमित था, लेकिन इस बार पार्टी के बैनर तले इसे बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं एवं समाज में विशेष उत्साह का माहौल है। बैठक में कार्यक्रम प्रभारी प्रिंस कुमार राजू, डॉ. मंटू मल्होत्रा, प्रदेश सह संयोजक संजय राय, ऋतु रागिनी, अखिलेश कुमार, संजू लाल, डॉ. मनीष सिंह, नीरज पाठक, बलिराम शाह, अनिल शाह, श्रीनिवास, वीरेंद्र यादव, मनीष यादव एवं दीपू कुशवाहा एवं कोषाध्यक्ष राकेश कुमार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समारोह को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए भामाशाह के आदर्शों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।



