धनबाद में पिछड़ा वर्ग चेतना महासम्मेलन आयोजित, सामाजिक-शैक्षणिक-आर्थिक उत्थान पर जोर

उमेश प्रसाद ने प्रति माह एक लाख सहयोग और कार्यालय उपलब्ध कराने की घोषणा की

धनबाद। 18 जनवरी 2026 (रविवार) को लूबी सर्कुलर रोड, बेकारबांध स्थित सर्किट हाउस के सामने निरीक्षण भवन सभागार में सुबह 11 बजे से पिछड़ा वर्ग चेतना महासभा, धनबाद की ओर से पिछड़ा वर्ग चेतना महासम्मेलन का आयोजन किया गया। महासम्मेलन में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और विभिन्न समुदायों के लोग शामिल हुए।

महासम्मेलन में कॉर्पोरेट जगत से जुड़े उद्योगपति, स्वर्गीय शकुंतला देवी फाउंडेशन के चेयरमैन, देश के विभिन्न शहरों में स्थित पांच सितारा होटल समूह के संचालक, फ्लाई बिग के मालिक और समाजसेवी उमेश प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में सेवानिवृत्त उप महानिरीक्षक संजय रंजन, बीआईटी सिंदरी के मेटलर्जी विभागाध्यक्ष बी.एन. राय, बीसीसीएल के महाप्रबंधक आर.बी. कुमार, धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी और उपाध्यक्ष धनेश्वर महतो शामिल थे।
महासम्मेलन की अध्यक्षता पिछड़ा वर्ग चेतना महासभा के अध्यक्ष कामता प्रसाद ने की, जबकि मनोज सिंह संरक्षक के रूप में मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महासभा के महासचिव विकास साव ने किया।

पिछड़े वर्ग को संगठित होने का आह्वान
अध्यक्ष कामता प्रसाद ने महासभा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पिछड़े वर्ग की जातियों को लंबे समय तक सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से कमजोर रखा गया। उन्हें छोटे-छोटे वर्गों में बांटकर समाज की निचली सीढ़ी पर रखा गया और शिक्षा से वंचित किया गया।

उन्होंने कहा कि संविधान में पिछड़े वर्ग के लिए दिए गए अधिकारों को समय-समय पर कमजोर करने का प्रयास हुआ है। ऐसे में आज जरूरत है कि पिछड़े वर्ग की सभी जातियां संगठित होकर जागरूक बनें और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करें।

मुख्य अतिथि की अहम घोषणा
मुख्य अतिथि उमेश प्रसाद ने पिछड़ा वर्ग चेतना महासभा के कार्यों की सराहना करते हुए पिछड़े वर्ग के गरीबों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए प्रति माह एक लाख रुपये सहयोग देने की घोषणा की।
साथ ही संगठन के सुचारु संचालन के लिए हिरक रोड, धनबाद में एक कार्यालय उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।

शिक्षा और एकता पर जोर
सेवानिवृत्त उप महानिरीक्षक संजय रंजन ने पिछड़े वर्ग को मजबूत बनाने, जातीय बंधनों को तोड़ने और शिक्षा के माध्यम से समाज को सशक्त करने की आवश्यकता पर बल दिया। अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी महासम्मेलन को संबोधित किया और संगठन के उद्देश्यों का समर्थन किया।

कई वक्ताओं ने रखे विचार
महासम्मेलन में विनोद केशरी, शशि मालाकार, नीतू देवी, महेश वर्मा, सुरेश प्रसाद, हरेंद्र गुप्ता, योगेंद्र यादव, सुंदर यादव, गणेश यादव, सत्येंद्र शर्मा, गणपत महतो, जगत महतो, दिनेश मधेशिया और शिव कुमार पंडित सहित कई वक्ताओं ने सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्ग के अधिकारों पर अपने विचार रखे।

आयोजन में रही इनकी भूमिका
अतिथियों का स्वागत संगठन सचिव सुधीर कश्यप ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महासचिव विकास साव, मीडिया प्रभारी मदन प्रसाद नायक, सुधीर कश्यप, बिनीता यादव, बसंत यादव, उपाध्यक्ष नंदकिशोर सिंह, महेश यादव, गोपाल यादव सहित अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।
महासम्मेलन में करीब एक हजार लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में शशि मालाकार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button