पटना पहुंचते ही राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन का स्वागत, मुख्यमंत्री की ओर से डॉ. दिलीप जायसवाल रहे अगुवाई में

पटना एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर में हुआ औपचारिक अभिनंदन, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भी रहे मौजूद

पटना। बिहार के नवनियुक्त महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैय्यद अता हसनैन के पटना आगमन पर गुरुवार को उनका औपचारिक स्वागत किया गया। पटना हवाई अड्डा के स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री की ओर से बिहार सरकार के उद्योग एवं पथ निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।
प्रोटोकॉल के अनुसार मनोनीत राज्यपाल की अगवानी मुख्यमंत्री द्वारा की जानी थी, लेकिन मुख्यमंत्री इन दिनों समृद्धि यात्रा पर होने के कारण उन्होंने अपने स्थान पर उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल तथा शिक्षा, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा/उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री सुनील कुमार को अधिकृत किया था।

नवनियुक्त राज्यपाल के पटना पहुंचने पर दोनों मंत्रियों ने प्रोटोकॉल के तहत उनका स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैय्यद अता हसनैन का गौरवपूर्ण सैन्य अनुभव, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण निश्चित रूप से बिहार के प्रशासनिक और सामाजिक जीवन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में बिहार सुशासन, विकास और जनकल्याण के पथ पर और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ेगा।

जानकारी के अनुसार भारत के राष्ट्रपति द्वारा लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैय्यद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे गुरुवार को एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-2523 से दोपहर 12:35 बजे पटना पहुंचे।

प्रोटोकॉल के तहत हुआ स्वागत
बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार प्रोटोकॉल हस्तक के अध्याय-12 के तहत मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल और शिक्षा मंत्री सुनील कुमार को मनोनीत राज्यपाल की अगवानी के लिए अधिकृत किया गया था। दोनों मंत्री निर्धारित समय पर पटना हवाई अड्डा के स्टेट हैंगर पहुंचकर स्वागत समारोह में शामिल रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button