पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री रामजी दास ऋषिदेव के बेटे पर स्मैक तस्करी का आरोप, कटिहार में गिरफ्तारी से मचा सियासी हलचल
102.79 ग्राम स्मैक बरामद, रोजगार सेवक भी है आरोपी; पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजा जेल

कटिहार/अररिया। बिहार में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कटिहार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फलका थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने अंतर-जिला स्मैक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में अररिया के पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री रामजी दास ऋषिदेव के पुत्र सुनील कुमार का नाम सामने आने से मामला राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है।
पुलिस के मुताबिक निसुंदरा पुल के समीप नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर की स्पोर्ट्स बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान सुनील कुमार के पास से 102.79 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
जांच में पता चला कि सुनील कुमार वर्तमान में फारबिसगंज प्रखंड की एक पंचायत में रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत है। वहीं दूसरा आरोपी खुशीलाल मंडल, पूर्णिया जिले का निवासी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी स्मैक तस्करी तथा शराब कारोबार से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन और बाइक जब्त कर ली है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में फलका थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बीडीओ सन्नी सौरभ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले के सामने आने के बाद सीमांचल के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।



