ग्वालपाड़ा प्रखंड कार्यालय पर भाकपा का रोषपूर्ण प्रदर्शन, जमीन और जन समस्याओं को लेकर उठाई आवाज

संजीव कश्यप

उदाकिशुनगंज/मधेपुरा। भूमिहीनों एवं आदिवासियों को जमीन का पर्चा देने, पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने, बेघरों को आवास उपलब्ध कराने, भ्रष्टाचार और बढ़ते अपराध के विरोध में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने गुरुवार को ग्वालपाड़ा प्रखंड सह अंचल कार्यालय पर रोषपूर्ण प्रदर्शन किया।

ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक हथियारों के साथ आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकपा के वरिष्ठ नेता कानू बास्की ने की।

जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन का आह्वान

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाकपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रमोद प्रभाकर ने कहा कि सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर, गरीब, दलित, आदिवासी और कमजोर वर्ग के लोग परेशान हैं।

उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर जनहित की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

भाकपा नेता ने कहा कि भूमिहीनों और आदिवासियों को वासगीत पर्चा उपलब्ध कराया जाए तथा बिना वैकल्पिक व्यवस्था के गरीबों के घरों पर कार्रवाई बंद की जाए।

आदिवासियों के जमीन अधिकार की मांग

प्रमोद प्रभाकर ने कहा कि ग्वालपाड़ा प्रखंड के शाहपुर संथाली टोला, अरार संथाली टोला और ग्वालपाड़ा संथाली टोला में वर्षों से जमीन जोत रहे आदिवासी परिवारों को जमीन की बंदोबस्ती की जाए।

उन्होंने आदिवासी एवं दलित भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा देने, रोजगार उपलब्ध कराने तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा की मांग की।

 

पिपरा करौती पंचायत में सहयोग शिविर, लाभुकों ने जमा किए आवेदन; कई समस्याओं का हुआ ऑन द स्पॉट समाधान

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियों के खिलाफ 6 से 15 अगस्त तक राष्ट्रव्यापी पदयात्रा को सफल बनाने और 1 सितंबर को दिल्ली रैली में बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।

नेताओं ने आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

भाकपा जिला मंत्री विद्याधर मुखिया ने कहा कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। वहीं भाकपा नेता रमण कुमार और सहायक जिला मंत्री रमेश कुमार शर्मा ने कहा कि आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकार की लड़ाई पार्टी लगातार लड़ती रही है।

उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

9 सूत्री मांगों का सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के दौरान एटक जिला संयोजक वीरेंद्र नारायण सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, अनिल भारती, अरुण कुमार तांती, दिलीप किस्कू, मुंशी हेंब्रम, हीरालाल बास्की सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया।

कार्यक्रम के अंत में भाकपा प्रतिनिधिमंडल ने अपनी 9 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा और मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button