बुढ़ई के बंद पड़े लाइन होटल में अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार का आरोप

बुढ़ई। बुढ़ई थाना क्षेत्र के तिलैया मोड़ के समीप स्थित एक वर्षों से बंद पड़े लाइन होटल को लेकर गंभीर सवाल खड़ा हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस सुनसान पड़े लाइन होटल में लंबे समय से अवैध रूप से डीजल और पेट्रोल का अवैध भंडारण तथा बिक्री की जा रही है। यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि क्षेत्र के लिए किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकता है। ग्रामीणों के अनुसार, दिन हो या रात, संदिग्ध गतिविधियों का सिलसिला लगातार जारी रहता है।
कई दोपहिया और चारपहिया वाहन यहां पहुंचते हैं और कथित रूप से खुलेआम डीजल-पेट्रोल की खरीद-बिक्री की जाती है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण बिना किसी सुरक्षा मानक और सरकारी अनुमति के किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस लाइन होटल में यह कथित कारोबार चल रहा है, वह पहले एक लाइन होटल के रूप में संचालित होता था, लेकिन वर्षों से बंद पड़ा है। आरोप है कि इसी बंद लाइन होटल की आड़ में अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार का नेटवर्क खड़ा कर दिया गया है। यह प्रशासनिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।



