राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

धनबाद। हावड़ा–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की घटना में शामिल एक युवक को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 6 मार्च 2026 को हुई थी, जब ट्रेन संख्या 12301 धनबाद स्टेशन से खुलने के कुछ समय बाद आउटर सिग्नल के पास अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्थर फेंका गया था। इस घटना में कोच A4 के बर्थ संख्या 17 के पास का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया था।
घटना के बाद आरपीएफ पोस्ट धनबाद में कांड संख्या 550/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 22 अप्रैल 2026 को रेलवे सुरक्षा बल और CIB की संयुक्त टीम ने धनबाद स्टेशन के आसपास सघन जांच अभियान चलाया।
इसी दौरान धनबाद कालका एंड आउटर सिग्नल के पास एक संदिग्ध युवक ट्रैक किनारे पत्थर लिए बैठा मिला, जिसे घेराबंदी कर सुबह करीब 10:50 बजे पकड़ लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान फैजान अंसारी (24 वर्ष), निवासी आरामोड़, थाना भूली, धनबाद के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और नशे की हालत में ट्रेनों पर पत्थर फेंकता रहा है। उसने यह भी बताया कि वह पहले भी इसी तरह की घटना को अंजाम दे चुका है। आरोपी पहले रेलवे की बैटरी चोरी के मामले में जेल भी जा चुका है।
गिरफ्तारी के समय उसके पास से नशा करने का सोल्यूशन, सूंघने वाला कपड़ा, एक पत्थर और बीड़ी का पैकेट बरामद किया गया। मामले में इंटेलिजेंस ब्यूरो की स्थानीय इकाई द्वारा भी पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी को रेलवे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में मंडल कारा, धनबाद भेज दिया गया है।



