पालीगंज में सहकारिता कार्यालय की माँग पर विधानसभा में विधायक संदीप सौरभ की मंत्री से हुई तीखी बहस

पटना। बिहार विधानसभा में पालीगंज विधायक ने पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत पालीगंज और दुल्हिन बाजार की जनता से जुड़ा एक गंभीर मुद्दा पूरी मजबूती से उठाया। उन्होंने सहकारिता विभाग से सवाल किया कि जब पालीगंज एक अलग अनुमंडल है, तब भी सहकारिता विभाग का ARCS कार्यालय दानापुर में क्यों संचालित है, जिससे पालीगंज और दुल्हिन बाजार की जनता को बार-बार दानापुर दौड़ना पड़ता है।
विधायक ने कहा कि किसानों, पैक्स सदस्यों, स्वयं सहायता समूहों और आम ग्रामीणों के लिए यह स्थिति बेहद कष्टकारी है। पालीगंज और दुल्हिन बाजार जैसे ग्रामीण इलाकों से दानापुर जाना समय, पैसा और मेहनत—तीनों की अनावश्यक बर्बादी है। यह सिर्फ़ प्रशासनिक असुविधा नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों का सीधा उल्लंघन है।
सदन में सहकारिता मंत्री प्रमोद कुमार द्वारा मामले को टालने की कोशिश किए जाने पर विधायक ने तीखा विरोध दर्ज किया और स्पष्ट शब्दों में कहा कि पालीगंज अनुमंडल की जनता को अब और उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सरकार से माँग की कि पालीगंज में तत्काल ARCS कार्यालय की स्थापना की जाए, ताकि पालीगंज और दुल्हिन बाजार की जनता को अपने ही क्षेत्र में सहकारिता से जुड़े सभी कार्यों की सुविधा मिल सके। विधायक ने दो टूक कहा कि सदन से लेकर सड़क तक, जनता के हक़ की यह लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी।



