देवघर नगर निगम चुनाव: वार्ड 19 से प्रियंका केशरी ने किया नामांकन
जनसमस्याओं के समाधान का दिलाया भरोसा

देवघर। देवघर नगर निगम चुनाव के तहत वार्ड संख्या 19 से पार्षद पद की प्रत्याशी प्रियंका केशरी ने अपने समर्थकों और दल-बल के साथ विधिवत रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिससे क्षेत्र में चुनावी माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया।
नामांकन के बाद प्रियंका केशरी ने वार्ड संख्या 19 की जनता से संवाद करते हुए कहा कि वे सेवा के संकल्प के साथ चुनावी मैदान में उतरी हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि उन्हें पार्षद बनने का अवसर दिया जाता है, तो वे वार्ड की हर समस्या के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगी।
प्रियंका केशरी ने कहा कि वार्ड 19 की सबसे गंभीर समस्या पेयजल की है। नगर निगम की ओर से पानी की आपूर्ति नियमित नहीं हो पा रही है और कई बार सप्ताह में सिर्फ एक बार ही पानी मिलता है। इसके अलावा उन्होंने नाली और जलनिकासी की समस्या का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में नालियों का पानी सड़कों पर भर जाता है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है। साथ ही नियमित सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्षद बनने के बाद वे इन सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने का प्रयास करेंगी। प्रियंका केशरी ने कहा कि वे हर महीने वार्ड में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कराएंगी, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
अपने विकास एजेंडे में उन्होंने वृद्धा पेंशन, मैया योजना सहित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने, सड़क और नाली निर्माण, बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाने का वादा किया। अंत में उन्होंने वार्ड 19 की जनता से अपील की कि वे एक बार उन्हें पार्षद बनने का अवसर दें, ताकि वे वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर सकें।



