जनता जिसको योग्य समझेगी, वही विजयी होगा: विधायक भूषण बाड़ा

विधायक सह जिला अध्यक्ष भूषण बाड़ा की उपस्थिति में सेराफीनूश कुल्लू ने अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किया नामांकन पर्चा

सिमडेगा। नगर परिषद चुनाव को लेकर मंगलवार को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में कांग्रेस जिला अध्यक्ष सह विधायक भूषण बाड़ा तथा कांग्रेस महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा की मौजूदगी में समाजसेवी सेराफीनूश कुल्लू ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इसके साथ ही विभिन्न वार्डों से कई पार्षद प्रत्याशियों ने भी नामांकन दाखिल किया। पर्चा दाखिल करने से पूर्व सभी प्रत्याशियों और समर्थकों ने बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर चौक से आईटीडीए कार्यालय स्थित आरओ ऑफिस तक एक संयमित और अनुशासित रैली निकाली। निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए सभी लोग निर्वाचन अधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप कड़ी आचार संहिता का पालन करते हुए कार्यालय पहुँचे। जहाँ सभी प्रत्याशियों ने क्रमवार अपना-अपना नामांकन प्रस्तुत किया। नामांकन के बाद विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, शांतिपूर्ण और प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप हो। जनता जिसको योग्य समझेगी, वही विजयी होगा। हमारा दायित्व केवल यह है कि चुनावी माहौल सौहार्दपूर्ण और सभी के लिए सुरक्षित बना रहे।उन्होंने जिला प्रशासन के प्रबंधों की सराहना की और मतदाताओं से शांति एवं संयम के साथ मतदान प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की।

शहर के विकास की नई दिशा तय करता है नगर परिषद चुनाव: जोसिमा खाखा
जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि नामांकन का यह अवसर मात्र एक औपचारिकता नहीं, जिम्मेदारी की याद दिलाने वाला क्षण है। हर प्रत्याशी को आचार संहिता का पूर्ण पालन करना चाहिए और जनता के प्रति अपनी जवाबदेही को सर्वोपरि रखना चाहिए। नगर परिषद का चुनाव शहर के विकास की नई दिशा तय करता है। इसलिए प्रक्रिया जितनी स्वच्छ होगी, परिणाम उतना ही मजबूत होगा।उन्होंने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को सकारात्मक बताया और कहा कि स्थानीय शासन में महिलाओं की भूमिका लगातार सशक्त हो रही है।

जनता का समर्थन उनकी सबसे बड़ी शक्ति और उसी भरोसे के साथ विकास की नई दिशा देने के लिए तत्पर हैं: सेराफीनूश कुल्लू
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सेराफीनूश कुल्लू ने नामांकन के बाद कहा कि उनका राजनीतिक सफर छात्र जीवन से ही शुरू हुआ था। छात्र चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद वे नौकरी में गए। लेकिन सामाजिक सरोकारों से कभी दूर नहीं हुए। कैथलिक संघ से जुड़े रहने के दौरान उन्होंने समाज सेवा को अपनी प्राथमिकता बनाए रखा। आगे चलकर जनसेवक संघ के जिला अध्यक्ष के रूप में एवं झारखंड राज्य कर्मचारी महासंघ से जुड़कर कार्य करते हुए कर्मचारियों और आम लोगों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णायक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद चुनाव में उनका लक्ष्य सिर्फ़ पद प्राप्त करना नहीं बल्कि सिमडेगा के विकास, पारदर्शिता और सेवा भावना को मजबूत आधार देना है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग के दम पर निकाय चुनाव मैदान में उतरा हूँ। मेरी प्रतिबद्धता है कि शहर के हर वर्ग युवा, महिला, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी और आम नागरिक की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाए। जनता का समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और वे उसी भरोसे के साथ विकास की नई दिशा देने के लिए तत्पर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button