कुंडा थाना क्षेत्र में झाड़ी से महिला का सिर कटा शव बरामद

शव से उठती दुर्गंध से हुआ मामले का खुलासा, इलाके में दहशत

 

देवघर। कुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरादों पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब झाड़ी से एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद किया गया। शव से उठ रही तेज दुर्गंध ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया, जिसके बाद इस जघन्य घटना का खुलासा हुआ।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुछ महिलाएं उक्त स्थान की ओर गई थीं। इसी दौरान उन्हें आसपास से तेज बदबू महसूस हुई। बदबू के स्रोत का पता लगाने के लिए जब वे झाड़ी के पास पहुंचीं, तो वहां एक महिला का शव पड़ा हुआ देखा। महिलाओं ने तुरंत इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो पाया कि महिला का सिर धड़ से अलग है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल कुंडा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार शव की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि घटना दो से तीन दिन पुरानी हो सकती है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की कहीं और हत्या कर शव को झाड़ी में लाकर फेंका गया है, ताकि पहचान छिपाई जा सके।

 

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी मनोज सिंह ने बताया कि सुबह वे अपने दैनिक कार्यों में लगे हुए थे, तभी अचानक शोर-शराबे की आवाज सुनाई दी। बाद में पता चला कि झाड़ी से एक महिला का शव मिला है, जिसका सिर गायब है। देखने से लग रहा था कि शव कई दिन पुराना है और किसी ने हत्या कर यहां फेंक दिया है।

 

पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।

 

फिलहाल कुंडा थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button